आपके शनि का भाव और आपके पूर्व जन्म के कर्म
आपके शनि का भाव और आपके पूर्व जन्म के कर्म
"शनि दण्ड नहीं देता... वह उस कर्म का मौन इतिहास खोलता है जिसे आत्मा अभी तक पूर्ण नहीं कर सकी।"
जब किसी ज्योतिषी के सामने पहली बार कोई कुंडली खुलती है, तो अधिकांश लोगों की दृष्टि सबसे पहले शनि पर जाती है। कोई पूछता है—"शनि कहाँ बैठा है?" कोई पूछता है—"साढ़ेसाती चल रही है क्या?" कोई पूछता है—"शनि की ढैया कब समाप्त होगी?" ऐसा लगता है जैसे शनि का नाम सुनते ही मनुष्य के भीतर भय जन्म ले लेता है। परन्तु मैंने वर्षों तक हजारों कुंडलियाँ देखने के बाद एक बात अनुभव की है कि मनुष्य शनि से नहीं डरता, मनुष्य अपने अधूरे कर्मों से डरता है। शनि केवल उस दर्पण को सामने रख देता है जिसमें आत्मा पहली बार स्वयं को बिना किसी आडंबर के देखती है। यही कारण है कि संसार ने शनि को अशुभ कहा, पर ऋषियों ने उसे न्यायाधीश कहा। संसार ने उसे विलम्ब कहा, पर महर्षियों ने उसे धैर्य कहा। संसार ने उसे दुःख कहा, पर वेदांत ने उसे जागरण कहा। प्रश्न यह नहीं कि शनि कितना कठोर है; प्रश्न यह है कि आत्मा सत्य को स्वीकार करने के लिए कितनी तैयार है।
यदि शनि केवल दुःख का ग्रह होता तो भगवान शिव उन्हें कर्मफल का अधिकार क्यों देते? यदि शनि केवल विनाश का प्रतीक होते तो पुराणों में उन्हें धर्म से क्यों जोड़ा जाता? यदि शनि केवल अशुभ होते तो ज्योतिष के प्राचीन आचार्य बार-बार यह क्यों कहते कि सबसे स्थायी उपलब्धियाँ शनि की कृपा से मिलती हैं? क्योंकि शनि कभी किसी से प्रेम छीनने नहीं आते, वे प्रेम में छिपा हुआ स्वार्थ छीनने आते हैं। वे कभी धन नष्ट करने नहीं आते, वे धन के भीतर छिपे हुए अहंकार को तोड़ने आते हैं। वे कभी प्रतिष्ठा समाप्त करने नहीं आते, वे उस प्रतिष्ठा की परीक्षा लेते हैं जिसे मनुष्य ने अपने वास्तविक चरित्र से अधिक बड़ा बना लिया है। इसलिए शनि का प्रत्येक स्पर्श बाहर से कठोर और भीतर से करुणामय होता है। जैसे शल्य चिकित्सक शरीर को चीरता है, पर उसका उद्देश्य घाव बढ़ाना नहीं बल्कि जीवन बचाना होता है, वैसे ही शनि आत्मा के उस स्थान को स्पर्श करते हैं जहाँ सबसे अधिक उपचार की आवश्यकता होती है।
आज के समय में एक बहुत बड़ा भ्रम फैला हुआ है कि शनि जिस भाव में बैठ जाए, उस भाव का सुख नष्ट कर देता है। मैंने इसे शास्त्रों और व्यवहार दोनों में कई बार परखा है और मुझे यह निष्कर्ष कभी पूर्ण रूप से सत्य नहीं लगा। मेरा अनुभव कहता है कि शनि भाव का सुख नहीं छीनता, वह उस सुख की पात्रता बनाता है। यदि प्रथम भाव में है तो पहचान की परीक्षा होगी। यदि द्वितीय में है तो वाणी, परिवार और मूल्य की परीक्षा होगी। यदि तृतीय में है तो साहस की। यदि चतुर्थ में है तो भीतर के घर की। यदि पंचम में है तो बुद्धि और पूर्व पुण्य की। यदि षष्ठ में है तो सेवा की। यदि सप्तम में है तो संबंधों की। यदि अष्टम में है तो परिवर्तन की। यदि नवम में है तो धर्म की। यदि दशम में है तो कर्म की। यदि एकादश में है तो इच्छाओं की। यदि द्वादश में है तो त्याग की। इसलिए मैं जब भी किसी कुंडली में शनि देखता हूँ, सबसे पहले यह नहीं पूछता कि यह क्या देगा; मैं यह पूछता हूँ—"यह आत्मा किस सत्य को जीने से अभी तक बचती रही है?" क्योंकि शनि वहीं बैठता है जहाँ आत्मा को सबसे अधिक परिपक्व होना है।
कल्पना कीजिए कि जन्म से पहले आत्मा एक विराट मौन में खड़ी है। वहाँ न दिन है, न रात, न पृथ्वी है, न आकाश। केवल चेतना का एक अनंत समुद्र है। उसी समुद्र में उसके असंख्य जन्मों की तरंगें उठ रही हैं। कहीं उसने राज्य किया, कहीं दास बनकर जीवन जिया। कहीं धन था पर करुणा नहीं थी। कहीं ज्ञान था पर विनम्रता नहीं थी। कहीं प्रेम था पर धैर्य नहीं था। कहीं शक्ति थी पर न्याय नहीं था। आत्मा उन सबको देख रही है। तभी ईश्वर उससे पूछते हैं—"इस बार क्या सीखना चाहती हो?" आत्मा कहती है—"प्रभु, इस बार मैं अपने अधूरे कर्म पूरे करना चाहती हूँ।" उसी क्षण समस्त ग्रह एक ओर हट जाते हैं और एक अत्यंत शांत पुरुष आगे आते हैं। उनके वस्त्र साधारण हैं, नेत्र गहरे हैं और मुख पर ऐसी स्थिरता है जिसे देखकर समय भी रुक जाए। वे शनि हैं। वे आत्मा से कहते हैं—"यदि अधूरे कर्म पूरे करने हैं तो मैं तुम्हारे साथ चलूँगा, पर एक शर्त है।" आत्मा पूछती है—"क्या?" शनि उत्तर देते हैं—"मैं तुम्हें कभी वह नहीं दूँगा जिसके लिए तुम तैयार नहीं हो। और जिसे पाने की पात्रता तुम बना लोगे, उसे संसार की कोई शक्ति तुमसे छीन नहीं पाएगी।" आत्मा कुछ क्षण मौन रहती है और फिर अपना मस्तक झुका देती है। उसी क्षण समय का जन्म होता है, और समय के साथ शनि की यात्रा भी प्रारम्भ होती है।
यहीं से शनि का सबसे बड़ा रहस्य खुलता है। शनि भविष्य नहीं लिखता, वह अधूरे कर्मों को वर्तमान में लाता है। इसलिए कुछ लोग बिना कारण बार-बार एक जैसी परिस्थितियों में फँसते दिखाई देते हैं। कोई बार-बार विश्वासघात झेलता है, कोई बार-बार धन खोता है, कोई बार-बार अपमान सहता है, कोई बार-बार संबंधों में टूटता है। ज्योतिष इन्हें केवल दंड नहीं मानती; वह पूछती है—"क्या यहाँ कोई ऐसा पाठ है जो अभी तक पूरा नहीं हुआ?" यही वह स्थान है जहाँ शनि ग्रह नहीं रहता, आत्मा का मौन गुरु बन जाता है।
डॉ सुशील कश्यप
Comments
Post a Comment